जोधपुर, एएनआइ. जोधपुर हिंसा को ध्यान में रखते हुए जिले में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। तनाव के बाद से अब तक 97 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिले में कफ्र्यू का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। यहां उच्च स्तरीय अधिकारियों को तैनात किया है। जिले में होने वाली हर छोटी-बड़ी घटना पर पैनी नजर रखी जा रही है। जानकारी के अनुसार जोधपुर शहर में ईद से एक दिन पहले तनाव के बाद मंगलवार को 10 थाना क्षेत्रों में कफ्र्यू लगा दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है और अधिकारियों को ऐसी घटनाओं के लिए जिम्मेदार असामाजिक तत्वों पर खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यपाल को लिखा पत्र
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने राज्यपाल कलराज मिश्र से जोधपुर में हुई हिंसा की घटनाओं की जांच शुरू करने और राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश पारित करने का अनुरोध किया है। पूनिया ने पत्र के माध्यम से राज्यपाल से अनुरोध करते हुए लिखा है- आपसे (राज्यपाल) विनम्रतापूर्वक अनुरोध है कि घटनाओं की निष्पक्ष जांच की जाए और मामले का संज्ञान लेते हुए, कृपया राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दें, ताकि राज्य में शांति स्थापित हो सके और ऐसी सांप्रदायिक घटना दोबारा न हो। उन्होंने राज्यपाल से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी आग्रह किया।
पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर के जालोरी गेट सर्किल में ईद की नमाज के बाद भी झड़प हो गई थी। भीड़ तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद सोमवार को जालोरी गेट चौराहे पर बालमुकंद बिस्सा में अलग-अलग झंडे लहराने को लेकर दो गुटों के बीच पथराव की घटनाओं के बाद जिले में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर 1000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। शहर में मोबाइल इंटरनेट सेवा फिलहाल बंद कर दी गई है। घटना में घायल हुए लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें से कुछ को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।