भुवनेश्वर. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जब अपने गृहराज्य ओडिशा पहुंचीं तो उनका जोरदार स्वागत किया गया। इससे वे अभिभूत और भावुक हो गर्इं। मुर्मू ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनकी उम्मीदवारी के समर्थन की घोषणा कर राखी का वादा निभाया है। मुर्मू ने विधानसभा परिसर में बीजू जनता दल के विधायकों और सांसदों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि मैंने सुभद्रा (बहन) की तरह जगन्नाथ (पटनायक) की कलाई में राखी बांधी थी। बहन के कुछ मांगने से पहले, भाई ने उसे समर्थन देने की घोषणा कर दी।
मुर्मू ने कहा, ओडिशा की इस बेटी के प्रति उनके (पटनायक) व्यवहार के लिए मैं उनकी ऋणी रहूंगी। मुर्मू ने कहा कि वह ओडिशा विधानसभा में दो बार चुन कर आई थीं। राज्य के सभी विधायक उनके भाई और बहन की तरह हैं। इस मौके पर द्रौपदी मुर्मू ने कहा, मैंने उनमें से ज्यादातर लोगों के साथ काम किया है। मेरे जाने के बाद जो लोग सदन के सदस्य बने वह भी मेरे भाई और बहन हैं। मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर तो नहीं जानती, लेकिन प्रौद्योगिकी ने हम सभी को एक दूसरे के नजदीक ला दिया है। मैं अपने सभी भाई और बहनों का समर्थन चाहती हूं।
मुख्यमंत्री ने अपने आवास नवीन निवास पर मुर्मू के लिए भोज का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री आवास के सूत्रों ने बताया कि भोज के दौरान बैगन भाजा, आलू भरता और बड़ी चूड़ा तथा दाल-चावल जैसे ओडिय़ा व्यंजन परोसे थे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजद के संसदीय दल के नेता पिनाकी मिश्रा भी नवीन निवास में आयोजित भोज में शामिल हुए।
Odisha CM Naveen Patnaik felicitates Droupadi Murmu, NDA's candidate for Presidential election, in Bhubaneswar pic.twitter.com/45FZJH8yLm
— ANI (@ANI) July 8, 2022
राजग की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी ने सभी विधायकों से ओडिशा के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया। बीजद के विधायकों से बातचीत के बाद मुर्मू ने भाजपा के विधायकों और सांसदों के साथ एक और बैठक की। जिसमें उन्होंने अपने स्वागत के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि ओडिशा की बेटी को अन्य दलों के विधायक भी समर्थन देंगे। इससे पहले राज्य में पहुंचने पर मुर्मू का बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया गया। इस मौके पर, भाजपा की महिला विधायक कुसुम टेटे ने आदिवासी नृत्य पेश किया और भुवनेश्वर से पार्टी की सांसद अपराजिता सारंगी ने झांझ बजाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा के साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी लाइन से हटकर मुर्मू के स्वागत के लिए हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
Odisha CM Naveen Patnaik had lunch with Droupadi Murmu, NDA's candidate for the Presidential election, at the former's residence in Bhubaneswar pic.twitter.com/jp3YgDBnfy
— ANI (@ANI) July 8, 2022
सारंगी ने कहा, मुर्मू रायरंगपुर से रायसीना हिल्स तक की अपनी अभूतपूर्व यात्रा जरूर पूरी करेंगी। देश के सर्वोच्च पद के लिए एक ओडिय़ा व्यक्ति को चुनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार। मुर्मू के स्वागत में कीर्तन गायकों की कई मंडलियों ने भी प्रस्तुति दी।राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के दौरे के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।