नई दिल्ली. लोकसभा में सांसद व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बुधवार को केन्द्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान दो भागों में बंटा दिखाई दे रहा है। भारत में आर्थिक असमानता की खाई और चौड़ी हो गई है। देश में बेरोजगारी बढ़ी है लेकिन सरकार इस मुद्दे पर बात ही नहीं करना चाहती। राहुल गांधी पेगासस और चीन की आक्रामकता का मुद्दा लोकसभा में उठाने से नहीं चूके। उन्होंने कहा कि सरकार की नाकाम विदेश नीति से भारत खतरे में घिर गया है।
अर्थव्यवस्था में फैल रहा डबल ए वैरिएंट
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा कि वर्तमान समय में न्यायपालिका, चुनाव आयोग, पेगासस ये सभी राज्य सरकारों की आवाज को दबाने का उपकरण मात्र बन गए हैं। आज हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था में डबल ए वैरिएंट फैल रहा है।
50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी
राहुल ने कहा कि आप रोजगार देने की बात करते हैं। साल 2021 में तीन करोड़ युवाओं की नौकरी चली गई। आज भारत की स्थिति ये है कि 50 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी वर्तमान में है। आप मेड इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया की बात करते हैं लेकिन युवाओं को वह रोजगार नहीं मिला जो उन्हें मिलना चाहिए था। यही नहीं युवाओं के पास जो था वह भी गायब हो गया है।
यहां बन रहे दो हिन्दुस्तान
राहुल ने कहा कि वर्तमान में दो हिन्दुस्तान बन रहे हैं। इनमें एक अमीरों का और दूसरा गरीबों का हिन्दुस्तान। दोनों हिन्दुस्तानों के बीच में खाई बढ़ती जा रही है। गरीब हिन्दुस्तान के पास आज रोजगार नहीं है। राष्ट्रपति के अभिभाषण में बेरोजगारी के बारे में एक शब्द नहीं था।
#WATCH | "The Judiciary, the Election Commission, Pegasus, these are all instruments of destroying the voice of the union of states," says Congress MP Rahul Gandhi in Lok Sabha pic.twitter.com/BQzxXf9VM7
— ANI (@ANI) February 2, 2022
सरकार ने 23 करोड़ लोगों को गरीबी में धकेला
राहुल ने कहा कि हिन्दुस्तान के 84 प्रतिशत लोगों की आमदनी घटी और वो तेजी से गरीबी की ओर बढ़ रहे हैं। हमने देश के 27 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला था और 23 करोड़ लोगों को आपने गरीबी में वापस डाल दिया। आपने नोटबंदी की जिसकी अर्थव्यवस्था पर तगड़ी मार पड़ी।
चुप नहीं बैठेगा गरीब हिन्दुस्तान
सांसद राहुल गांधी ने कहा कि आप ये मत सोचो कि जिस गरीब हिन्दुस्तान को आप बना रहे हो ये चुप नहीं बैठेगा। इस हिन्दुस्तान को दिख रहा है कि आज हिन्दुस्तान के 100 सबसे अमीर लोगों के पास हिन्दुस्तान के 55 करोड़ लोगों से ज़्यादा जायदाद है, ये नरेन्द्र मोदी जी ने किया है।
मेड इन इंडिया हो ही नहीं सकता
राहुल गांधी ने कहा कि आज सरकार मेड इन इंडिया की बात करती है, मेड इन इंडिया हो नहीं सकता। मेड इन इंडिया वाले छोटे और मध्यम उद्योग, असंगठित सेक्टर को खत्म कर दिया। यदि सरकार उनकी मदद करती तो मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर तैयार हो सकता था। जो लोग आपका मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर बना सकते थे उनको आपने खत्म कर दिया।
देश को है खतरा
राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति के कारण ही चीन और पाकिस्तान एक दूसरे के साथ आए हैं। चीन आज भारत के लिए बड़ा खतरा है। लद्दाख और डोकलम में हमने चीन की आक्रामक रणनीति को देखा है। आज भारत दुनिया से अलग थलग है। आज देश को बाहर और अंदर दोनों ओर से खतरा है।