नई दिल्ली. कोरोना के टीकाकरण में भारत ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को बच्चों के टीकाकरण के लिए अहम घोषणा करते हुए पांच साल से ज्यादा उम्र के बच्चों के टीका लगाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। देश में अभी 12 साल से ज्यादा उम्र के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। अब 5-12 साल के बच्चों को कोरोना वैक्सीन की डोज दी जाएगी। ड्रग कंट्रोलर जनरल आफ इंडिया ने मंगलवार को इसकी मंजूरी दे दी। अभी 5 से 6 साल के बच्चों को सिर्फ कार्बेवैक्स लगाई जाएगी। 6-12 साल की उम्र के बच्चों को भारत बायोटेक की कोवैक्सीन व कार्बेवैक्स लगाई जा सकेगी। 12 साल से अधिक उम्र के बच्चों को जायडस कैडिला की वैक्सीन जायकोव डी के दो डोज दिए जाएंगे। अभी 12-14 उम्र के बच्चों को कार्बेवैक्स वैक्सीन की डोज दी जा रही है। 5+ के लिए टीकाकरण कब शुरू किया जाएगा। इसकी जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।
भारत में अभी कौन-कौन सी वैक्सीन लग रही है?
टीकाकरण की शुरुआत देश में 2021 में हुई थी। केंद्र सरकार ने सीरम इंस्टीट्यूट की कोविशिल्ड और भारत बायोटेक की कोवैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी दी थी।
-पहले चरण में हेल्थ केयर वर्कर्स को वैक्सीन की डोज दी गई थी।
1 अप्रैल 2021 से 45 वर्ष या इससे अधिक के सभी लोगों के लिए वैक्सीनेशन शुरू हुआ।
1 मई 2021 से 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले लोगों को भी इस अभियान में शामिल किया।
इसी साल 3 जनवरी को सरकार ने 15-18 वर्ष के बच्चों को भी वैक्सीन लगवाने की मंजूरी दी। केंद्र सरकार ने 15-18 साल के बच्चों को कोवैक्सीन की खुराक देने की घोषणा की थी।
16 मार्च 2022 से 12 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए टीके की खुराक शुरू की गई। 12 से 14 वर्ष के बच्चों को अभी कार्बेवैक्स वैक्सीन की डोज दी जा रही है।