उदयपुर. Pm Narendra Modi In Udaipur: राजस्थान में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार-प्रसार ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में चुनाव की घोषणा के बाद गुरुवार को पहली बार उदयपुर दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सत्ताधारी कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। बलीचा स्थित नई कृषि मंडी में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि उदयपुर वीरों की धरती है। यहां कण-कण में देश प्रेम की महक है। कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यहां अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। उदयपुर में कन्हैयालाल के साथ आतंकी घटना हुई। कांग्रेस आतंकियों के साथ खड़ी है। कांग्रेस राज में पीएफआई जैसे संगठन बेखौफ होकर निकाल रहे हैं। आतंकियों की हमदर्द कांग्रेस सरकार राजस्थान को तबाह कर मानेगी।
घरों से निकलने में डरती हैं बहन, बेटियां
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में आज प्रदेश महिलाओं के अपराध में नंबर 1 बन गया है। यहां बहन, बेटियों के साथ दलित भी सुरक्षित नहीं हैं। महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों को लेकर कांग्रेस नेता और मंत्री कहते हैं यह मर्दों का काम है। कांग्रेस के नेताओं ने ऐसे बयान देकर महिलाओं के साथ साथ मर्दों का भी किया अपमान किया है। ऐसे सोच वाले लोगों की वजह से बहन बेटियां खेत खलिहानों में नहीं जा सकती। कांग्रेस के राज में बहन बेटियों की बुरी गत हुई। यहां दो आदिवासी बहनों की निर्मम हत्या कर दी गई। कांग्रेस राज में अपराधी सोच वाले लोगों को बढ़ावा मिला।
कांग्रेस सरकार की विदाई से ही बहन-बेटियों को मिलेगा सम्मान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बहन-बेटियों के खिलाफ हो रहे अत्याचार तभी खत्म होंगे जब यहां से कांग्रेस सरकार की विदाई होगी। राजस्थान से भाजपा गुंडाराज और अपराध खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा राज में बहन बेटियों को घरों से निडर होकर निकल सकेंगी, यह मोदी की गारंटी है। इसलिए, 25 नवंबर को मतदान करने के लिए, तो इस संकल्प के साथ निकलें की कांग्रेस सरकार की विदाई हो।
कांग्रेस के पांच साल ने राजस्थान को बर्बाद किया
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के पांच साल के राज ने राजस्थान को बर्बाद कर दिया। लोगों की भलाई के बारे में सोचने की बजाय कांग्रेस में यह खींचतान चलती रही की मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कौन बैठेगा। कांग्रेस लोगों को झूठे वादे करके सत्ता में आई थी, अब लोगों को उसके झूठे वादों पर भरोसा नहीं है। राजस्थान में सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल है। कांग्रेस ने बिजली के बिलों में सब्सिडी देने का वादा किया, लेकिन बकाया के नाम से लोगों से पुराने बिल वसूल किए जा रहे हैं।
भाजपा राज में भ्रष्टाचार पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा-पानी की तरह है। जैसे लोग हवा और पानी के बिना नहीं रह सकते, वैसे ही कांग्रेस भ्रष्टाचार के बिना नहीं रह सकती। कांग्रेस के नेता खुद इस बात को स्वीकार कर रहे हैं। प्रदेश को कांग्रेस के जंगल राज से बाहर निकालना जरूरी है। राजस्थान में भाजपा सरकार आने पर हर भ्रष्टाचारी पर सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारियों के लॉकर्स से सोना निकल रहा है। जिन्होंने राज्य को लूटा है, उन्हें लूटी हुई राशि लौटानी पड़ेगी। केंद्र में आप लोगों ने भाजपा और मुझे सेवा करने का मौका दिया है, आपने मुझे काम करने का आदेश दिया है और आपका आदेश मानना होगा। भ्रष्टाचार को खत्म करके रहूंगा।
लाल डायरी बनी कांग्रेस के जी का जंजाल
अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि लाल डायरी के बारे में आपने सूना होगा। यही डायरी बनी कांग्रेस के जी का जंजाल बल गई है। इस डायरी में कई राज छुपे हुए हैं। इन राज के बाहर आने पर कांग्रेस के नेताओं के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी।
पेपर लीक माफियाओं के साथ कांग्रेस का हाथ
कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। राहुल गांधी का नाम लिए बगैर पीएम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ एक युवराज के लिए काम कर रही है। यहां की सरकार पेपर लीक माफिया से मिली हुई है। भाजपा सरकार आने के बाद पेपर लीक माफिया पर कार्रवाई होगी। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा।

Author: indianews24



