मुंबई. महाराष्ट्र के सांगली जिले में एक ही परिवार के नौ लोगों की लाश घर पर मिलने से सनसनी फैल गई। राजधानी मुंबई से 350 किलोमीटर दूर सांगली जिले के म्हैसल में इस मामले की जानकारी लगी है। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या माना है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पोस्टमार्टम के बाद ही घटना की जानकारी मिल सकेगी। सांगली के पुलिस अधीक्षक दीक्षित गेदाम ने बताया कि सोमवार दोपहर यहां एक घर में नौ शव मिले हैं। तीन शव एक जगह पर थे जबकि छह घर में अलग-अलग जगहों पर मिले। पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता लग पाएगा। उन्होंने कहा कि शवों को देखकर ऐसा लगता है कि सभी की मौत कोई जहरीले पदार्थ खाने से हुई है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था
परिवार मिराज तालुका के म्हैसाल में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत की यह घटना सोमवार दोपहर में सामने आई। ये परिवार एक डॉक्टर दंपत्ति का था। आस-पास के लोग परिवार की आर्थिक बदहाली को परिवार के इस कदम को उठाने की वजह मान रहे हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि परिवार भारी कर्ज के नीचे दबा था। हालांकि अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है।