जयपुर. Rajasthan Cabinet : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सोमवार को राज्यपाल कलराज मिश्र से हुई मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस मुलाकात में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि सरकार को भाजपा आलाकमान की हरी झंडी का इंतजार है। हरी झंडी मिलते ही प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार किया जाएगा। भजनलाल सरकार में वर्तमान में सीएम सहित कुल 24 मंत्री हैं। सीएम सहित कुल तीस मंत्री बनाए जा सकते हैं। छह पद रिक्त हैं। मंत्रिमंडल विस्तार में सरकार तीन से चार नए मंत्री बना सकती है। इनमें तीन विधायकाें को मंत्री बनाए जाने की चर्चा भी है, वहीं एक राज्यमंत्री को पदोन्नत किए जाने करने की चर्चा है।
इन नामों की चर्चा
सूत्रों के अनुसार सियासी गलियारों में मंत्री बनने के लिए जिनके नाम चल रहे हैं, उनमें तिजारा विधायक महंत बालकनाथ, निम्बाहेड़ा विधायक श्रीचंद कृपलानी, राजसमंद विधायक विश्वराज सिंह, सादुलशहर विधायक गुरवीर सिंह बराड़ का नाम शामिल है। गृहराज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म को पदोन्नत करने की चर्चा जोरों पर है।