नई दिल्ली. दीवाली 2023: दीपावली का त्यौहार आज, 12 नवंबर यानी रविवार को है। हर जगह दिवाली पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। यह त्यौहार बच्चों से लेकर युवा, बुजुर्गों तक में एक नया जुनून लेकर आता है। भारत के विभिन्न प्रदेशों में इस त्यौहार को अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है। क्या आप जानते हैं इस त्यौहार को किन कारणों के चलते मनाया जाता है। पौराणिक काल से इस त्यौहार को मनाने के पीछे अलग-अलग तथ्य और कारण बताएं हैं जिनकी जानकारी आप यहां से प्राप्त कर सकते हैं।
भगवान राम वनवास खत्म कर अयोध्या लौटे
भगवान राम ने 14 वर्षों का वनवास किया था। वनवास के अंतिम वर्ष में रावण ने माता सीता का हरण किया था जिसके बाद राम और रावण के बीच युद्ध हुआ। इस युद्ध में भगवान राम ने रावण और उसकी सेना का सर्वनाश कर सीता को छुड़ाया। उसके बाद वनवास पूरा कर अयोध्या लौटे। राम के अयोध्या लौटने के चलते पूरे राज्य में दीप जलाये गए और इसे धूम धाम से मनाया गया। तभी से इस त्यौहार को प्रतिवर्ष मनाया जाता है।
श्री कृष्ण ने किया नरकासुर का वध
ऐसा माना जाता है कि इस दिन भगवान श्री कृष्ण ने नरकासुर का वध किया था। उसका वध करने के लिए उन्होंने सत्यभामा की सहायता भी ली थी क्योंकि नरकासुर को मिले वरदान के अनुसार उसे केवल स्त्री ही मार सकती थी। नरकासुर का वध होने पर प्रजा ने पूरे राज्य को दीपों से सजाया था और इसी के चलते प्रतिवर्ष दिवाली मनाये जाने का तथ्य मिलता है।
पांडवों की हुई थी घर वापसी
ऐसा भी माना जाता है कि पांडवों के वनवास खत्म करने के बाद जब वे वापस राज्य में आये तो पूरी प्रजा ने उनका स्वागत दीपोत्सव करके मनाया था। तभी से इस दिन को दिवाली के रूप में मनाया जाने लगा।
लक्ष्मी जी को मिली राजा बलि से मुक्ति
दिवाली का त्यौहार मनाये जाने के पीछे एक यह भी तथ्य है कि इस दिन भगवान विष्णु ने मां लक्ष्मी को राजा बलि के चंगुल से मुक्ति दिलवाई थी उसके बाद से ही इस त्यौहार को मनाया जाने लगा।

Author: indianews24



