India News24

indianews24
Search
Close this search box.

Follow Us:

भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में आ गए कई राज्य, 5 जनवरी से तापमान में और गिरावट से बढ़ सकती है मुसीबत

नई दिल्ली. Weather update: उत्तर-पश्चिम और पूर्वी भारत भीषण ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर से लेकर बिहार और पंजाब, हरियाणा से लेकर पूर्वी उत्तर प्रदेश तक कड़ाके की ठंड जारी है। हिमाचल के कुकुमसेरी में पारा माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पहलगाम में शून्य से 6.2 डिग्री नीचे रहा। पहाड़ों पर बर्फबारी के असर से राष्ट्रीय राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को दिनभर शीतलहर जारी रही। धूप के बावजूद लोग ठिठुरते रहे। दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर भारत में कोहरे से यातायात, खासकर रेल संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और ज्यादातर ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि पांच से 11 जनवरी के बीच रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।इसके प्रभाव से मध्य भारत में शीतलहर की स्थिति गंभीर हो सकती है। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्से और उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में दिन का तापमान कम होने से कोल्ड डे की स्थिति पैदा हो सकती है।

कश्मीर के अधिकांश जिलों में पारा शून्य से नीचे आया

जम्मू-कश्मीर में डल झील समेत सभी जल स्रोत जम गए। पहाड़ों की ऊंची चोटियों पर भारी बर्फबारी से कश्मीर घाटी भीषण ठंड की चपेट में है। जम्मू-कश्मीर में कोहरे से लगातार रेल और हवाई सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मंगलवार को भी जम्मू पहुंचने वाली कई ट्रेनें और उड़ानें देरी से पहुंचीं। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 4 और 5 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश-बर्फबारी हो सकती है। 8 जनवरी को भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

ये भी पढ़ें: Ram Mandir: श्यामवर्ण की मूर्ति में होगा धनुष-बाण पांच साल के रामलला का रूप, आप भी जानें प्रतिमा की विशेषता?

हिमाचल:  कोहरे का यलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा सहित मंडी, सोलन, सिरमौर में छह जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। आठ जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

पंजाब-हरियाणा व राजस्थान में लुढ़का रात का तापमान

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी सर्दी का सितम जारी है। रात का तापमान लुढ़कने से पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटियाला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा। अमृतसर में 8.3 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में आठ डिग्री और फरीदकोट में 8.2 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा।

2023 भारत का दूसरा सबसे गर्म साल

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि भारत के लिए बीता साल 2023 अब तक का दूसरा सबसे गर्म साल रहा। साथ ही विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि जनवरी माह में देश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। भारत में वार्षिक औसत भूमि सतह वायु तापमान 1981 से 2010 की अवधि के लिए लंबे समय के औसत से 0.65 डिग्री सेल्सियस अधिक है, जो 2016 में दर्ज 0.71 डिग्री सेल्सियस से थोड़ा कम है। यह माप दुनिया भर के कई संकेतकों से मेल खाता है। जैसे समुद्र की सतह का तापमान, जिससे पता चलता है कि 2023 अब तक के सबसे गर्म साल में से एक था। इसकी मुख्य वजह अलनीनो का प्रभाव था। 2016 का सबसे गर्म वर्ष भी अलनीनो वर्ष था।

आईएमडी के अनुसार जनवरी से मार्च के दौरान  पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल में सामान्य बारिश होने और जनवरी में कड़ाके की सर्दी पड़ने का पूर्वानुमान है।

सामान्य से अधिक बारिश…

जनवरी के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू- कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में मासिक बारिश सामान्य से अधिक होने का अनुमान लगाया जा रहा है। यहां लंबे समय के औसत (एलपीए) का 122 फीसदी बारिश की संभावना है। जनवरी के दौरान मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर वाले दिनों के सामान्य से कम होने की संभावना है।

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *