India News24

indianews24
Search
Close this search box.

Follow Us:

Lok Sabha election Results 2024 : 300 पार को NDA तरसा, INDI ने जबरदस्त लड़ा सियासी मैदान

नई दिल्ली. Lok Sabha election Results 2024: लोकसभा चुनाव के रुझानों में NDA को झटका लगा है और चार सौ पार का नारा देने वाला एनडीए 300 पार भी नहीं कर पाया। इस जनादेश से स्पष्ट है की इस बार गठबन्धन की सरकार चलेगी। भाजपा को उत्तर प्रदेश और बंगाल जैसे राज्यों में काफी नुकसान उठाना पड़ा है। इसके साथ ही महाराष्ट्र में भी विपक्षी गठबंधन का प्रदर्शन शानदार रहा है। कांग्रेस ने इसे जनता की जीत बताया।

जिले के लोग मेरे साथ

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जिले के लोग मेरे साथ हैं। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने प्रशासन का दुरुपयोग किया है। लोगों से सामाजिक कल्याण की योजनाएं छीनने का डर दिखाया। जिस तरह से उन्होंने तुष्टीकरण की राजनीति की, मुस्लिम लीग भी ऐसी तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि हमारे लिए तीसरी बार सरकार में आना बड़ी बात है। आज हमें 240 सीट मिली और हमारे निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस को सिर्फ 98, कांग्रेस और भाजपा के बीच 142 सीटों का अंतर है। यह बहुत बड़ी जीत है। हमें इसका जश्न मनाना चाहिए।  इधर भूटान के पीएम ने नरेंद्र मोदी को बधाई दी।

चंद्रबाबू नायडू ने PM मोदी को दी बधाई 

तेलगू देशम पार्टी (TDP) अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू ने पीएम मोदी और अमित शाह का आभार जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘आज मेरा हृदय कृतज्ञता से भर गया है। मैं अपने राज्य के लोगों को उनकी सेवा के लिए टीडीपी-जेएसपी-बीजेपी गठबंधन को भारी जनादेश का आशीर्वाद देने के लिए धन्यवाद देता हूं। साथ मिलकर, हमने अपने राज्य को पुनः प्राप्त करने की लड़ाई जीती है, और साथ मिलकर, हम इसका पुनर्निर्माण करेंगे। मैं पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार प्रकट करता हूं। यह महत्वपूर्ण जीत हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने आखिरी वोट डाले जाने तक सभी बाधाओं के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। मैं उनमें से प्रत्येक को उनकी अटूट प्रतिबद्धता के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं और इस उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई देता हूं।’

अमरावती सीट से भाजपा प्रत्याशी नवनीत राणा की हार

महाराष्ट्र की अमरावती सीट से भाजपा उम्मीदवार नवनीत राणा को हार का सामना करना पड़ा। उनका मुकाबला महा विकास अघाड़ी (एमवीए) प्रत्याशी बलवंत वानखड़े से था। वानखेड़े को जीत मिली है।

मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से जीती
चुनाव आयोग का कहना है कि भाजपा उम्मीदवार मनोज तिवारी ने उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट पर जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार को 1.38 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया।

अन्नामलाई ने अपनी हार स्वीकार की

तमिलनाडु भाजपा प्रमुख और कोयंबटूर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार अन्नामलाई ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी DMK नेता गणपति राजकुमार पी को बधाई दी।

एनडीए सरकार का जोर भ्रष्टाचार उखाड़ फेंकने पर रहेगा- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा ‘तीसरे कार्यकाल में एनडीए सरकार का बहुत ज्यादा जोर हर तरह के भ्रष्टाचार को उखाड़ फेंकने का होगा। भाजपा के हर कार्यकर्ता के लिए हमेशा से दल से बड़ा देश रहा है। सेवा भाव से बड़ी राजनीति कोई नहीं हो सकती। इसलिए हमें सेवाभाव को सर्वोपरि रखने को निरंतर मजबूत रखना है। भाजपा के कार्यकर्ताओं को जनआकांक्षाओं, जनभावनाओं का प्रतिनिधित्व करना है। जरूरी है कि समाज के हर वर्ग से और हर व्यक्ति से निरंतर संवाद करते रहें।’

आने वाला समय भारत का समय है- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा ‘हम तब तक नहीं रुकेंगे, जब तक गरीबी देश के अतीत का हिस्सा न हो जाए। अब देश सेमीकंडक्टर्स के क्षेत्र में और काम करेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक देश का रक्षा सेक्टर आत्मनिर्भर नहीं बन जाता। हम युवाओं को हर क्षेत्र में सशक्त करेंगे। किसानों के लिए बीज से बाजार तक आधुनिक रीतियों को बनाने का काम प्राथमिकता पर होगा। हम हमारे किसानों को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम करते रहेंगे। आने वाला समय भारत का समय है।’

पीएम मोदी बोले, आप एक कदम चलेंगे, मैं चार कदम चलूंगा

पीएम मोदी ने कहा ‘देश के कोने-कोने में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं को कहूंगा कि आपकी मेहनत इतनी गर्मी में आपका बहाया पसीना ये मोदी को निरंतर काम करने की प्रेरणा देता है। मैं देशवासियों से दोबारा दोहराना चाहता हूं कि 10 घंटे काम करेंगे तो मोदी 18 घंटे काम करेगा। आप एक कदम चलेंगे, मोदी चार कदम चलेगा। तीसरे कार्यकाल में देश बडे़ फैसलों का एक नया अध्याय लिखेगा। ये मोदी की गारंटी है।’

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *