Mumbai Bomb threat: मुंबई में अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास कार्यालय (US Consulate General Threat) को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। यह धमकी एक गुमनाम ईमेल के माध्यम से दी गई है। मुम्बई पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बताया कि मुंबई की बीकेसी (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स) पुलिस ने अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास के कार्यालय को कथित तौर पर धमकी भरा ईमेल भेजने के आरोप में शनिवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, धमकीभरा ईमेल शनिवार तड़के करीब 3.50 बजे rkgtrading777@gamil.com से भेजा गया था। अधिकारियों ने बताया कि कॉन्सुलेट की सूचना पर BKC पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ IPC की धारा 505(1)(बी) और 506(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें आगे की जांच जारी है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
अधिकारी ने कहा कि ईमेल में अज्ञात आरोपी ने खुद को एक फरार अमेरिकी नागरिक होने का दावा किया है। साथ ही उसने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास (यूएस कॉन्सुलेट) को उड़ाने और वहां काम करने वाले सभी अमेरिकी नागरिकों को मारने की धमकी दी। आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने का प्रयास कर रही है।
2 फरवरी को भी मिली थी धमकी
मुंबई में पिछले कुछ माह से धमकीभरे फोन, मैसेज और ईमेल मिलने के मामले काफी बढ़ गए है। मुंबई को दहलाने की धमकी देने वाला एक मैसेज 2 फरवरी को आया था। अज्ञात शख्स ने मुंबई शहर में छह बम रखे होने का दावा किया था। इस मैसेज के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और महाराष्ट्र एटीएस (आतंकवाद विरोधी दस्ता) अलर्ट मोड पर है। अधिकारियों के मुताबिक यह मैसेज मुंबई ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को मिला था। संदिग्ध ने दावा किया था कि मुंबई में छह जगहों पर बम रखे हैं और बड़ा धमाका होगा। इसके बाद एहतियात के तौर पर मुंबई पुलिस ने कुछ महत्वपूर्ण जगहों पर चेकिंग भी की, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।